सरकार ने 2 छोटी बचत योजनाओं की ब्याज दरें बढ़ाई:इस साल शेयर मार्केट ने 18% रिटर्न दिया, 30 हजार कर्मचारियों को निकाल सकता है गूगल

कल की बड़ी खबर स्मॉल सेविंग स्कीम से जुड़ी रही। सरकार ने जनवरी-मार्च 2024 तिमाही के लिए दो छोटी बचत योजनाओं की ब्याज दरें बढ़ा दी है। वहीं आने वाले कुछ समय में गूगल अपने 30,000 एम्प्लॉइज को नौकरी से निकाल सकता है।

साल के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को शेयर बाजार में गिरावट रही। सेंसेक्स करीब 170 अंक गिरकर 72,240 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी में भी 47 अंक की गिरावट रही, यह 21,731 के स्तर पर बंद हुआ। इस साल सेंसेक्स 18.10% और निफ्टी 19.42% चढ़ा है।

​​​​​​कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट, जिन पर रहेगी नजर…

  • शेयर बाजार आज शनिवार, 30 दिसंबर को बंद रहेगा।
  • वित्त मंत्री SBI, PSB और IDBI बैंक मैनेजमेंट से मिलेंगी।
  • पेट्रोल-डीजल की कीमतों में आज भी कोई बदलाव नहीं हुआ है।

अब कल की बड़ी खबरें…

1. सुकन्या समृद्धि योजना की ब्याज दर 0.2% बढ़ी : अब यह 8.2%, तीन साल के टाइम डिपॉजिट पर भी 0.1% का फायदा

सरकार ने शुक्रवार, 29 दिसंबर को जनवरी-मार्च 2024 तिमाही के लिए छोटी बचत योजनाओं की ब्याज दरों की घोषणा की। सुकन्या समृद्धि योजना में 0.20% और 3 साल के टाइम डिपॉजिट दरों में 0.10% की बढ़ोतरी की है। अन्य योजनाओं की दरों में बदलाव नहीं किया गया है।

इससे पहले 29 सितंबर को सरकार ने अक्टूबर-दिसंबर के लिए RD पर दरों में 0.20% की बढ़ोतरी की थी। सुकन्या स्कीम की ब्याज दर पहले 8% और तीन साल के टाइम डिपॉजिट की ब्याज दर 7% थी। यह लगातार छठी तिमाही है जब इन स्कीम्स की दरों में बढ़ोतरी हुई है।

2. इस साल शेयर बाजार ने 18% रिटर्न दिया:साल के आखिरी कारोबारी दिन सेंसेक्स 170 अंक गिरा, ट्राइडेंट टेकलैब्स करीब 185% चढ़ा

साल के आखिरी कारोबारी दिन शेयर बाजार में शुक्रवार (29 दिसंबर) को गिरावट देखने को मिली। सेंसेक्स करीब 170 अंक की गिरावट के साथ 72,240 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी में भी 47 अंक की गिरावट रही, यह 21,731 के स्तर पर बंद हुआ। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 17 में गिरावट और 13 में तेजी देखने को मिली।

इस साल सेंसेक्स 18.10% और निफ्टी 19.42% चढ़ा है। दोनों ही इंडेक्स पर सबसे ज्यादा चढ़ने वाला शेयर टाटा मोटर्स रहा। टाटा मोटर्स ने इस साल निवेशकों के पैसों को करीब दो गुना कर दिया है। 2 जनवरी को यह शेयर 394 रुपए का था, जो अब बढ़कर 779 रुपए का हो गया है। वहीं मिडकैप और स्माल कैप इंडेक्स करीब 45% चढ़े हैं।
पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

3. 30,000 कर्मचारियों को नौकरी से निकाल सकता है गूगल : एड-सेल्स डिपार्टमेंट में छंटनी की तैयारी, कंपनी इनकी जगह AI से काम लेगी

आने वाले कुछ समय में गूगल अपने 30,000 एम्प्लॉइज को नौकरी से निकाल सकता है। कंपनी में यह छंटनी एड-सेल्स डिपार्टमेंट में होगी। इस बात की जानकारी बिजनेस टुडे ने ‘द इंफॉर्मेशन’ के हवाले से दी है।

रिपोर्ट में दावा किया गया है कि कंपनी के एड-सेल्स के हेड जॉन डाउनी ने हाल ही एक मीटिंग में बताया कि गूगल अपने एड डिपार्टमेंट को री-स्ट्रक्चर करने की प्लानिंग कर रहा है। साथ ही कंपनी इस डिपार्टमेंट में AI के ऑपरेशन को बढ़ाने पर भी काम कर रहा है।

4. टाटा कंज्यूमर का मार्केट कैप ₹1 लाख करोड़ के पार : इतने मार्केट कैप वाली टाटा ग्रुप की 7वीं कंपनी बनी, शेयर ने ऑल टाइम हाई भी बनाया

टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड 1 लाख करोड़ रुपए के मार्केट कैपटलाइजेशन को पार करने वाली टाटा ग्रुप की 7वीं कंपनी बन गई है। शुक्रवार (29 दिसंबर) को टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स का शेयर 4.61% की तेजी के साथ 1,089 रुपए पर बंद हुआ। वहीं कारोबार के दौरान कंपनी के शेयर ने 1,094 रुपए का ऑल टाइम हाई और 52-वीक हाई भी बनाया है।
पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

5. उदय-कोटक ने 30 ट्रिलियन डॉलर का GDP प्लान शेयर किया : वित्त मंत्री सीतारमण ने कहा- ‘धन्यवाद’, कोटक बोले- भारत के बचतकर्ता अब इन्वेस्टर्स में बदले

कोटक महिंद्रा बैंक के फाउंडर उदय कोटक ने साल 2047 तक भारत की GDP 30 ट्रिलियन डॉलर पहुंचने को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफार्म X पर अपने विचार शेयर किए हैं। वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने इसके लिए उन्हें धन्यवाद दिया।

उदय कोटक ने कहा- ‘भारत के ड्रीम के लिए एक फाइनेंशियल सेक्टर मॉडल: 9% एनुअल ग्रोथ, 2047 तक 30 ट्रिलियन डॉलर GDP।’

6. दीपिका पादुकोण बनीं हुंडई की ब्रांड एंबेसडर : शाहरुख-हार्दिक के बाद कंपनी की तीसरी आइकन, अपकमिंग मिडसाइज SUV क्रेटा फेसलिफ्ट लॉन्च करेंगी

हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड ने बॉलीवुड एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण को अपना ब्रांड एंबेसडर बनाया है। दीपिका बॉलीवुड एक्टर शाहरुख खान और क्रिकेटर हार्दिक पंड्या के बाद कंपनी की तीसरी आइकन हैं।

58 साल के शाहरुख हुंडई 25 साल से भी ज्यादा समय से दक्षिण कोरियाई ब्रांड के साथ जुड़े हुए हैं। कंपनी ने हाल ही में क्रिकेटर हार्दिक पंड्या को नई लॉन्च की गई माइक्रो SUV एक्सटर के लिए ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया था।
पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

अब आपके जरूरत की खबर भी पढ़े…

नए साल में 20,000 रुपए में करें विदेश यात्रा:4 देशों ने वीजा फ्री एंट्री शुरू की, जानें सस्ती फ्लाइट और होटल बुकिंग के तरीके

थाईलैंड, मलेशिया, ईरान और श्रीलंका ने हाल ही में इंडियन ट्रैवलर्स के लिए वीजा फ्री एंट्री का ऐलान किया है। इससे इन देशों की यात्रा करना आसान हो गया है। ईरान को छोड़कर अन्य तीन देशों की ट्रिप 20-22 हजार रुपए के बजट में की जा सकती है।

यदि आप इन खर्चों को कम कर दें, तो ट्रैवल करना सस्ता हो जाएगा। इसलिए, अगर आप कोई इंटरनेशनल ट्रिप प्लान कर रहे हैं तो यहां हम आपको सस्ते फ्लाइट टिकट से लेकर होटल बुक करने के तरीके और करेंसी एक्सचेंज करने जैसी जरूरी चीजों के बारे में बता रहे हैं। इन तरीकों को अपनाकर आप अपनी ट्रिप को खुद प्लान कर सकते हैं।

Leave a Comment